नोएडा। डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (DFCCIL) कार्यालय में विश्व हृदय दिवस की थीम “डोंट मिस द बीट” के तहत जागरूकता स्वास्थ्य सेमिनार का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की पहल पर आयोजित किया गया था।
इस सेमिनार में यथार्थ अस्पताल के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज रंजन ने कर्मचारियों को हृदय स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने संतुलित आहार लेने, नियमित व्यायाम करने, धूम्रपान और शराब से दूर रहने, तनाव प्रबंधन करने और पर्याप्त नींद लेने की सलाह दी।

डॉ. पंकज रंजन ने बताया कि हृदय रोग आज विश्व स्तर पर मृत्यु का प्रमुख कारण बन रहा है। लेकिन समय रहते सावधानी और सही जीवनशैली अपनाने से इसके जोखिम को कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि उच्च रक्तचाप, मधुमेह और मोटापा हृदय रोग के मुख्य कारण हैं। इस दौरान कर्मचारियों ने हृदय रोग की रोकथाम, शुरुआती लक्षण और प्राथमिक उपचार को लेकर भी कई सवाल पूछे। कार्यक्रम के दौरान करीब 100 से अधिक कर्मचारियों ने भाग लिया और हृदय स्वास्थ्य के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देशानुसार “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान भी 2 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है।

हृदय रोग: समय से पहले मृत्यु का प्रमुख कारण
हृदय रोग समय से पहले होने वाली मौतों का प्रमुख कारण बनता जा रहा है। संतुलित आहार लेना और नियमित व्यायाम करना इस खतरे को काफी हद तक कम कर सकता है। शुरुआती लक्षणों को सही समय पर पहचान कर इलाज कराना जीवन बचाने में मददगार साबित होता है। इसलिए, हृदय रोग से बचाव के लिए जागरूकता और शिक्षा बेहद आवश्यक है। स्वास्थ्य की सही जानकारी से ही हम अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा कर सकते हैं।


