- एक सप्ताह में यह दूसरी इमरजेंसी लैंडिंग है
- अपाचे हेलिकॉप्टर को बोइंग कंपनी बनाती है
- जिसका विमान अहमदाबाद में क्रैश हुआ
पंजाब के पठानकोट से बड़ी खबर सामने आ रही है. इंडियन एयरफोर्स के अपाचे हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है. बताया जा रहा है कि पठानकोट के नंगलपुर थाने के अधीन पड़ते गांव हलेड़ में एयरफोर्स के अपाचे हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है. फिलहाल किसी तरह के खतरे और नुकसान की बात सामने नहीं आई है. दूसरी तरफ, कोई भी अधिकारी एयरफोर्स के अपाचे हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग के बारे में बात करने को तैयार नहीं है.
अपाचे हेलिकॉप्टर की एक सप्ताह में यह दूसरी इमरजेंसी लैंडिंग है. इससे पहले उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में भी अपाचे हेलिकॉप्टर की लैंडिंग कराई गई थी. बता दें कि अपाचे हेलिकॉप्टर को भी बोइंग कंपनी ही बनाती है, जिसका विमान गुरुवार को अहमदाबाद में क्रैश हुआ. एयर इंडिया का वह विमान बोइंग के ड्रीमलाइनर कैटेगरी का था. इस हादसे में पायलट, क्रू मेंबर सदस्य समेत 241 लोगों की मौत हो गई थी.


