फरीदाबाद। रक्षाबंधन का पर्व इस वर्ष 9 अगस्त 2025 (शनिवार) को मनाया जाएगा। बहनों ने भाई की कलाई पर प्रेम का प्रतीक राखी बांधने की तैयारियां तेज कर दी हैं, लेकिन इस बार पर्व को लेकर लोगों में कुछ भ्रम की स्थिति बनी हुई है। दरअसल, सावन पूर्णिमा की तिथि इस बार दो दिनों तक है, जिससे लोग असमंजस में हैं कि राखी 8 अगस्त को बांधें या 9 अगस्त को।
पंचांग के अनुसार, सावन पूर्णिमा तिथि 8 अगस्त को दोपहर 2:12 बजे से शुरू होकर 9 अगस्त को दोपहर 1:24 बजे तक रहेगी। चूंकि 9 अगस्त को उदया तिथि है, इसलिए रक्षाबंधन इसी दिन मनाया जाना श्रेष्ठ और शुभ माना गया है।
ज्योतिषाचार्यों की मानें तो इस बार रक्षाबंधन के दिन भद्रा नहीं है, जो कि विशेष और शुभ संयोग माना जाता है। आमतौर पर रक्षाबंधन पर भद्रा काल में राखी बांधने से परहेज किया जाता है, लेकिन इस बार ऐसी कोई बाधा नहीं है।
राखी बांधने का शुभ मुहूर्त
9 अगस्त को सुबह 5 बजकर 47 मिनट से लेकर दोपहर 1 बजकर 24 मिनट तक का समय राखी बांधने के लिए सर्वश्रेष्ठ रहेगा। इस अवधि में बहनें अपने भाई की कलाई पर राखी बांध सकती हैं और दीर्घायु व सुख-समृद्धि की कामना कर सकती हैं।
पंडितों के अनुसार, रक्षाबंधन इस बार अत्यंत मंगलकारी योग में पड़ रहा है। पर्व के दिन बहनें भाई को तिलक कर रक्षा सूत्र बांधें और मिठाई खिलाकर उनके सुखद जीवन की कामना करें।


