Saturday, October 10, 2026
No menu items!
spot_img
Homeहरियाणाशिवरात्रि पर गूंजा कलपुर्जों की नगरी का हर कोना, गंगाजल से अभिषेक...

शिवरात्रि पर गूंजा कलपुर्जों की नगरी का हर कोना, गंगाजल से अभिषेक कर बोले भक्त – हर हर महादेव!

हिंदुस्तान तहलका / विष्णु हरि पाठक

फरीदाबाद। सावन के पवित्र महीने की शिवरात्रि पर औद्योगिक नगरी में पूरी तरह शिवमय नजर आया। शहर के शिवालयों में श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें मंदिरों के बाहर लगी रहीं और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से पूरा शहर गुंजायमान हो उठा। शहर प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा भी इस दौरान सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए थे, ताकि भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कुल मिलाकर, शिवरात्रि के इस पर्व ने फरीदाबाद को भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंग दिया।

सैकड़ों कांवड़िए हरिद्वार और गोमुख से गंगाजल लेकर फरीदाबाद लौटे और बुधवार सुबह शिवालयों में जलाभिषेक कर अपने पुण्य यात्रा का समापन किया। इस दौरान कांवड़ियों और श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जल के साथ-साथ दूध, दही, भांग और धतूरा भी अर्पित किया। घंटों तक चले अभिषेक और पूजन कार्यक्रम के दौरान मंदिरों में शिव चालीसा, पंचाक्षरी मंत्रों और घंटे-घड़ियालों की गूंज सुनाई देती रही। मंगलवार रात से ही शिवालयों के बाहर भक्तों का जमावड़ा शुरू हो गया था। खासकर युवाओं, महिलाओं और बच्चों में शिव भक्ति को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। सभी ने अपने-अपने अंदाज़ में भोलेनाथ को प्रसन्न करने के लिए रुद्राभिषेक किया और परिवार में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

ये प्रमुख शिवालय रहे श्रद्धा के केंद्र

फरीदाबाद के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित प्रमुख शिवालयों में विशेष भीड़ देखी गई। एनएच-2 स्थित शिवालय, एनआईटी तिकोना पार्क स्थित वैष्णो देवी मंदिर, सेक्टर-8 का नीलकंठ महादेव मंदिर, गीता आश्रम (एनआईटी-5), श्री बांके बिहारी मंदिर, एयरफोर्स रोड का श्रीराम मंदिर, हनुमान मंदिर, तत्कालेश्वर शिव मंदिर (एनआईटी-5), सिद्धपीठ महाकाली मंदिर, सूरजकुंड रोड शिव मंदिर और सिद्धदाता आश्रम समेत शहर के सभी छोटे-बड़े मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। हर जगह जलाभिषेक के विशेष प्रबंध किए गए थे और मंदिर समितियों द्वारा विशेष सजावट और साफ-सफाई का भी ध्यान रखा गया।

कांवड़ यात्रा का भावनात्मक समापन

कांवड़ लेकर लौटे कई श्रद्धालुओं ने बताया कि वे हर साल हरिद्वार से गंगाजल लाकर शिवरात्रि के दिन भगवान शिव पर चढ़ाते हैं। एक श्रद्धालु बताया कि भोले बाबा को जल चढ़ाने से आत्मिक शांति मिलती है और घर में सुख-शांति बनी रहती है। कुछ लोगों ने यह भी बताया कि यात्रा के दौरान भक्ति और भाईचारे का जो माहौल बनता है, वो पूरे जीवन की सबसे अनमोल अनुभूति होती है।

सावन और शिवरात्रि का आध्यात्मिक महत्व

सावन का महीना संपूर्ण रूप से भगवान शिव को समर्पित माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सावन की शिवरात्रि पर रुद्राभिषेक और जल अर्पण करने से भोलेनाथ शीघ्र प्रसन्न होते हैं और भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। इसी आस्था और विश्वास के साथ फरीदाबाद के हजारों भक्तों ने पूरे श्रद्धा भाव से इस दिन को मनाया।

पन्हेरा, पलवल के कांवड़ियों की मौत की खबर निकली झूठी

फेक न्यूज से सावधान: पन्हेरा, पलवल के कांवड़ियों की मौत की खबर निकली झूठी

पलवल। सोशल मीडिया पर पलवल के गांव पन्हेरा के 27 कांवड़ियों की सड़क हादसे में मौत की खबर वायरल हो रही है, जो पूरी तरह फर्जी है। बताया जा रहा है कि तीन ट्रकों में से दो के ब्रेक फेल हो गए और एक खाई में गिर गया, जिसमें सभी कांवड़िये मारे गए। इसका एक वीडियो भी जारी हुआ है। यह खबर केवल एक अफवाह है। पलवल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसी कोई घटना नहीं घटी है। लोगों से अपील है कि भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें और बिना पुष्टि के कोई संदेश साझा न करें। अफवाह फैलाना दंडनीय अपराध है।

बाबा महाकाल सेवा दल ने कावड़ियों पर की पुष्प वर्षा

बाबा महाकाल सेवा दल ने कावड़ियों पर की पुष्प वर्षा

हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कावडिय़ों का बाबा महाकाल सेवादल के मयंक चौधरी, फिरे पोसवाल, ललित बैंसला, कृष्ण अत्री, रवि राणा, मोनू, मनोज भाटी, आकाश चौहान, गौरव रावत, राहुल शर्मा, कपिल छावड़ी, प्रीत रावल, समर बेरवाल सहित कई भक्तें ने गांव बुढैना पुल,ग्रेटर फरीदाबाद में पुष्प वर्षा करके स्वागत किया गया। भक्त मयंक चौधर ने बताया कि बाबा महाकाल सेवा दल द्वारा कावड़ियों की सेवा के 17 से 22 जुलाई तक के लिए शिविर लगाया गया था। जिसमें हरिद्वार से कांवड़ लेकर आने वाले कांवडियों के ठहरने, खाने पीने, शौचालय और चिकित्सा की पूरी व्यवस्थ की गइ है। उन्होनें बताया कि कावड़ियों के मनोरंजन के लिए शिविर में विशेष रूप से इंतजाम किया हुआ है ताकि कांवडिय़ों को अपनी थकान का एहसास ना हो पाए।

सेक्टर 29 पंचमुखी हनुमान मंदिर में जलाभिषेक के लिए उमड़ी भक्तों की भीड़

सेक्टर 29 पंचमुखी हनुमान मंदिर में जलाभिषेक के लिए उमड़ी भक्तों की भीड़

सेक्टर 29 स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में बुधवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। शिवरात्रि के पावन अवसर पर भक्तजनों ने बाबा भोलेनाथ के शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। मंदिर के भीतर हर हर महादेव के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। भक्तों ने भगवान शिव के जलाभिषेक के साथ पूजा-अर्चना की और अपने परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और मंगल कामना की। मंदिर परिसर में भक्तजनों की श्रद्धा और भक्ति का माहौल गहराया हुआ था।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने घंटियों की ध्वनि और शिव चालीसा के पाठ के बीच भोलेनाथ के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। मंदिर में उमड़ी भीड़ ने इस धार्मिक पर्व को और भी उल्लासपूर्ण बना दिया।

मारवाड़ी युवा मंच ने महाशिवरात्रि पर किया छाता वितरण

मारवाड़ी युवा मंच फरीदाबाद शाखा ने महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर एक अनूठी पहल करते हुए बीके चौक पर राहगीरों, दैनिक मजदूरी करने वालों, रेडी-पटरी व्यवसायियों व ज़रूरतमंदों को निःशुल्क छाता वितरण कर मानसून के इस मौसम में राहत पहुंचाई। वर्षा के बीच जब जीवन संघर्षमय हो जाता है, ऐसे समय में यह सेवा उन लोगों के लिए आशा की छांव बनकर सामने आई, जो अक्सर अनदेखे रह जाते हैं।

इस अवसर पर प्रांतीय अध्यक्ष विमल खंडेलवाल ने कहा कि मारवाड़ी युवा मंच केवल एक संगठन नहीं, बल्कि मानवता का जीवंत उदाहरण है। पिछले 15 वर्षों में फरीदाबाद शाखा ने रक्तदान, पौधारोपण, कृत्रिम अंग वितरण, आर्थिक सहायता, शिक्षा प्रोत्साहन, समाज जागरूकता व आपदा राहत जैसे अनेकों कार्य किए हैं। मंच का हर साथी ‘एक देश, एक माटी’ की भावना के साथ समाज की सेवा हेतु हर पल तत्पर रहता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे फरीदाबाद शाखा अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि हमारे पूर्वजों की परंपरा रही है कि सेवा को ही सबसे बड़ा धर्म माना जाए। आज उसी भाव को मंच के माध्यम से आगे बढ़ाने का हमें सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। यह छाता वितरण कार्यक्रम केवल एक वस्तु का वितरण नहीं, बल्कि यह संवेदना, सम्मान और सहयोग का प्रतीक है।

वरिष्ठ समाजसेवी रोहतास ने मंच की सराहना करते हुए कहा कि मारवाड़ी युवा मंच का उद्देश्य केवल आयोजन करना नहीं, बल्कि समाज की पीड़ा को समझते हुए समाधान देना है। सेवा, संस्कार और समर्पण ही इस मंच की पहचान है और फरीदाबाद शाखा ने इसे बार-बार सिद्ध किया है। इस पुनीत अवसर पर मंच के पूर्व अध्यक्ष नारायण शर्मा, जीतू शर्मा, प्रांतीय अध्यक्ष विमल खंडेलवाल, शाखा अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, रोहतास कुमार, मधुसूदन माटोलिया, संजय अरोड़ा सहित समाज के कई प्रबुद्धजन उपस्थित रहे और अपने सहयोग से इस कार्यक्रम को सफल बनाया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments

Translate »