⇒ पिता ने ससुरालजनों पर लगाया दहेज हत्या का आरोप
हिंदुस्तान जज्बा / राकेश वर्मा
नूंह – हरियाणा के नूंह शहर के वार्ड नंबर 10 में एक 28 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला कई दिनों तक मानसिक परेशानी के चलते मेडिकल कॉलेज नल्हड़ (Medical College Nalhar) में भर्ती थी। अब दो दिन पहले डिस्चार्ज होकर घर पहुंची। रविवार की शाम महिला को शव फंदे पर लटका पाया। उसके मायके के लोगों ने सकी दहेज के लिए हत्या करने के आरोप ससुरालजनों पर लगाए हैं। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।
जानकारी के अनुसार सोहना के रहने वाले रमेश की बेटी पूनम की शादी फरवरी 2014 में नूंह में विपिन कुमार के साथ हुई थी। फिलहाल वह नूंह में वार्ड नंबर 10 में अपनी ससुराल में रह रही थी। रविवार शाम को महिला ने संदिग्ध हालात में फंदा लगा लिया। परिजनों ने उसे फंदे पर लटका देखा तो वे उसे उतार कर नल्हड़ मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां पर जांच के बाद डॉक्टरों ने पूनम को मृत घोषित कर दिया। पूनम के पिता रमेश कुमार ने आरोप लगाया कि पूनम को ससुराल वाले शादी के बाद से ही दहेज के लिए प्रताड़ित करते आ रहे थे। रविवार शाम को उनकी बेटी की दहेज के लिए हत्या कर दी गई।
दूसरी तरफ पूनम के पति विपिन कुमार ने कहा कि उसकी पत्नी ने मानसिक परेशानी के चलते सुसाइड किया है। मानसिक परेशानी के चलते उसको नल्हड? मेडिकल कॉलेज में दाखिल कराया गया था। परिवार चाहता था कि वह जल्दी से स्वस्थ हो। दो दिन पहले ही वह मेडिकल से घर आयी थी। कल चुपके से फंदा लगा लिया। पूनम की मौत की सूचना पर सिटी थाना पुलिस ने मौके का मुआयना किया। उसके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कब्जे में लिया गया। सिटी थाना एचएचओ सतपाल का कहना है कि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। सभी पहलुओं से जांच कर रही है।